Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

एसआईआर-2026 के तहत नगर भवन में हुआ मतदाता पंजीकरण शिविर, निरीक्षण के लिए पहुंचे उपायुक्त

पात्र मतदाताओं के निबंधन एवं मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश

0 9

गिरिडीह। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्तरों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर भवन में बूथ संख्या 81 से 100, 196 से 203 तथा 217 से 219 तक के मतदाताओं के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वयं नगर भवन पहुंचकर शिविर का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर से प्राप्त आवेदनों, निबंधन प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के सत्यापन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर में प्राप्त कई आवेदनों का स्वयं भौतिक सत्यापन भी किया। उन्होंने संबंधित आवेदकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए प्रस्तुत दस्तावेजों एवं आवेदन में अंकित विवरण का अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों से सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी ली।

sawad sansar

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि शिविर में मुख्य रूप से छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, अर्हता पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं के निबंधन तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन, विलोपन एवं अन्य सुधार से संबंधित कार्य किए गए। इस दौरान निर्धारित प्रपत्र 6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं निष्पक्ष तरीके से सत्यापन करते हुए पात्र आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर मिले तथा किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए सभी बीएलओ एवं संबंधित कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क एवं प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही, अयोग्य अथवा मृत मतदाताओं के नामों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं तथा मतदाता सूची में संशोधन के मामलों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्षता से निष्पादन करें।

शिविर के दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी गिरिडीह जितेंद्र प्रसाद, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.