गिरिडीह के औद्योगिक विकास और रोजगार को लेकर भाजपा नेता विनोद सिन्हा ने एक बार फिर उठाई आवाज
12 अक्टूबर को सांसद मनोज तिवारी करेंगे रोड शो, लोगों को करेंगे जागरूक

गिरिडीह। भाजपा नेता विनोद सिन्हा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर गिरिडीह के विकास, युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। विनोद सिन्हा ने कहा कि गिरिडीह से उनका जुड़ाव पिछले 17 वर्षों से रहा है और इस दौरान वे किसी न किसी रूप में सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक होने की आवश्यकता है।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल कैंप आयोजित करने की बात कही। साथ ही युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आईएएस और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और मार्गदर्शन मिलना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसके अत्यधिक इस्तेमाल से युवाओं की बौद्धिक क्षमता और पढ़ाई पर असर पड़ने की चिंता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और अपने भविष्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।


रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि झारखंड में रोजगार का सवाल प्रमुख है। उन्होंने राज्य सरकार पर शराब और जमीन से जुड़े माफिया को तवज्जो देने का आरोप लगाया और कहा कि इसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को नवरात्र के दौरान सांसद मनोज तिवारी और अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा गिरिडीह पहुंचेंगी और रोड शो के माध्यम से वें लोगों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे।
विनोद सिन्हा ने कहा कि औद्योगिक विकास के बिना क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। गिरिडीह में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं और इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिल सकती है।

