Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से मां-बेटे की मौत, राजमिस्त्री घायल

अपने निर्माणधीन मकान देखने गए थे मां और बेटा, अचानक उनके उपर ही गिरा छज्जा

0 43

गिरिडीह। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने और उसके चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्माण कार्य कर रहा एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

बताया जाता है कि सलैया गांव के रहनी वाली सुनीता देवी मकान निर्माण करा रही थी। इस दौरान सुनीता देवी और उनका पुत्र राजकुमार यादव अपने निर्माणाधीन मकान का कार्य देख रहे थे। इसी दौरान जैसे ही राजमिस्त्री प्रदीप यादव छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक छज्जा तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जे का भारी मलबा सीधे सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव पर गिरा, जिससे दोनों मलबे के नीचे दब गए। वहीं छज्जे के साथ राजमिस्त्री भी नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

sawad sansar

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मां-बेटे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।

घटना में घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव को तत्काल उपचार के लिए जमुआ स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। इधर घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन छज्जा पर्याप्त मजबूत नहीं होने या तकनीकी खामी के कारण अचानक ढह गया।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.