इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स ने स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं मानवता का दिया संदेश
जुलाई के प्रथम सप्ताह में किए कई सेवा कार्य

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स, डिस्ट्रिक्ट 325 द्वारा जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव सेवा को समर्पित विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का आयोजन किया गया। एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के अवसर पर क्लब की ओर से समाज की सेवा में समर्पित चिकित्सकों डॉ. अंकिता सहाय, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. शीला वर्मा एवं डॉ. राजेश वर्मा को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निस्वार्थ सेवा भाव एवं समाज के प्रति समर्पण के लिए दिया गया। इसी बीच हरिचक गांव में 25 पौधों का वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वहीं 7 जुलाई को रोटरी आई हॉस्पिटल में किडनी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पीडीसी पूनम सहाय ने किडनी की देखभाल, संतुलित आहार, पर्याप्त जल सेवन, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही रोटरी डायलिसिस सेंटर में एक डायलिसिस मरीज को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।


8 जुलाई को नवजीवन हॉस्पिटल में एक और किडनी हेल्थ अवेयरनेस टॉक का आयोजन किया गया। इस मौके पर नवजीवन हॉस्पिटल की सीईओ स्वाति बगड़िया एवं डॉ. हेमंत कुमार ने किडनी रोगों की रोकथाम, समय पर जांच, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी पीने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही दो डायलिसिस मरीजों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके उपचार में सहयोग किया गया।
इन सभी सेवा कार्यों में क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर के साथ पीडीसी पूनम सहाय, एडिटर मृदुला शर्मा एवं नेहा सिंह की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही। इस संबंध में क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर ने कहा कि इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स भविष्य में भी स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं मानव सेवा से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी तथा समाज के जरूरतमंद लोगों को सहयोग करते रहेंगे।

