बगोदर के ग्रामीण इलाके में पहुंचे हाथियों के झुंड ने फसलों को किया बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत
पूर्वी अटका पंचायत में गन्ना के फसलों को तथा गैड़ा पंचायत में मक्का की फसलों को किया नष्ट ग्रामीणों ने वन विभाग से की हाथियों से बचाव के लिए स्थायी समाधान की मांग

गिरिडीह। जिले के बगोदर प्रखंड में जंगली हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर ग्रामीण इलाकों की ओर रूख कर चुका है। जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रखंड के पूर्वी अटका पंचायत लच्छी बागी गांव में बीते चार पांच दिनों से हाथियों के झुंड द्वारा किसानों के द्वारा लगाये गए गन्ना के फसल को बर्बाद करने के बाद अब हाथियों के झुंड ने बगोदर के गैड़ा इलाके में प्रवेश कर गया है। अटका क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने दर्जनों से अधिक किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथियों को खदेड़ने का काम किया गया। जिसके बाद 29 हाथियों का झुंड बगोदर प्रखंड के ही गैड़ा पंचायत पहुंच गया और बगोदर जीटी रोड के गैड़ा इलाके में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने किसानों के खेतों में लगी मक्का की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। इसके अलावा कई किसानों की चाहरदीवारी भी क्षतिग्रस्त कर दी। अचानक हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने तथा फसलों और संपत्तियों के नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, हाथियों के झुंड की लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।

