गिरिडीह में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का त्योहार, मोहम्मदिया जुलूस में शामिल हुए लोग
मोहम्मदिया जुलूस में शामिल होने पहुंचे मंत्री सुदिव्य कुमार ने लोगों को दी ईद मिलादुन्नबी की बधाई

गिरिडीह। मोहम्मद साहब का जन्मदिन के मौके पर बुधवार को गिरिडीह में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर से लेकर गांव में मोहम्मदिया जुलूस निकाले गए। मोहम्मदिया जुलूस नगर भ्रमण करते हुए बरवाडीह मैदान पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में हिस्सा लिया।



इस दौरान मोहम्मदिया जुलूस में सूबे के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी शरीक हुए। मंत्री के जुलूस में शामिल होने से कार्यक्रम में लोगों का उत्साह और बढ़ गया। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों का अभिवादन किया और ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं।

ईद मिलादुन्नबी का त्योहार के मौके पर निकलने वाले जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। जुलूस के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी राम निवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मुस्तैद दिखे।

