यौन उत्पीड़न मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यालय के बाहर की जमकर नारेबाजी, महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीति करने का लगाया आरोप

गिरिडीह। जेएनयू के मणिपुर के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गिरिडीह में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्षा उषा कुमारी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा मामले से जुड़े आरोपितों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर विरोध जताया।
प्रदर्शन में भाजपा नेत्री शालिनी वैशाखीयार, प्रो0 विनीता कुमारी, संगीता सेठ, बबली देवी साहू समेत कई महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, चुन्नूकांत, विनय सिंह, दिनेश यादव, महोदव दुबे, संजीव कुमार गुड्डू, संदीप डांगीच, हरमिंदर सिंह बग्गा, और जयशंकर सिन्हा शिंकु सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्षा उषा कुमारी सहित अन्य भाजपाईयों ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जेएनयू के मणिपुर के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले सामने आने के बाद कांग्रेस के महिला सम्मान संबंधी दावों पर सवाल उठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।

