गिरिडीह में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर छापेमारी, 80 लीटर शराब जब्त
400 किलोग्राम जावा महुआ किया गया नष्ट, अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान में जुटा उत्पाद विभाग

गिरिडीह। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भदडीहा में छापेमारी कर विभागीय टीम ने करीब 80 लीटर तैयार अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की। वहीं, शराब बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा गया लगभग 400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद के दिशा-निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने भदडीहा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण स्थलों और संबंधित अड्डों पर छापेमारी की।



कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल हो रहे स्थलों की जांच की गई। विभाग के अनुसार, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सदर अंचल और अवर निरीक्षक उत्पाद महेश कुमार दास, बगोदर अंचल सहित गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान एवं अन्य कर्मी शामिल थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

