सदर अस्पताल में युवक की पिटाई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया
युवती को परेशान करने का आरोप, परिजनों ने अस्पताल में पकड़ा; पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

गिरिडीह। सदर अस्पताल गिरिडीह में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक को युवती के परिजनों ने पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि पचंबा थाना क्षेत्र के कमरशाली निवासी गुड्डू शर्मा पर एक युवती को परेशान करने का आरोप है। उक्त युवती इन दिनों सदर अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि रविवार रात गुड्डू अस्पताल पहुंच गया, जिसके बाद युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।


युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक पिछले कुछ समय से युवती को परेशान कर रहा था। उनका कहना है कि लगातार हो रही परेशानी के कारण युवती की तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसी दौरान युवक के अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने समय रहते पहुंचकर बचाया
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल के जवानों को मौके पर भेजा। पुलिसकर्मियों ने वहां पहुंचकर युवक को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाना ले गए।
नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि युवक अस्पताल पहुंचा था, जहां परिजनों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी। पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही युवक की पिटाई करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

