जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा प्रकरण में एक बार फिर बेंगाबाद पहुंची सीआईडी की टीम
सीसीएल में सफल हुए एक अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर रांची निकली टीम

गिरिडीह। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा प्रकरण को लेकर चल रहे जांच के बीच सीआईडी की लगातार बेंगाबाद थाना क्षेत्र में दबिश बनाए हुए है । गुरुवार की रात एक बार फिर सीआईडी की टीम बेंगाबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीजीएल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले एक अभ्यर्थी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। सीआईडी की टीम अभ्यर्थी समीर कुमार शालू को लेकर अपने साथ चली गई।
बताया जाता है कि अभ्यर्थी समीर कुमार शालू सीजीएल में पास होने के बाद रांची स्थित सचिवालय में पोस्टेड था। मामले की जाँच कर रही सीआईडी की टीम गुरुवार की रात गिरिडीह एवं बेंगाबाद पुलिस के साथ अभ्यर्थी के बेंगाबाद स्थित घर पर पहुंची और उसे हिरासत में लिया। हालांकि इस दौरान घर की महिलाओं ने टीम के सदस्यों का विरोध भी किया। मगर टीम में शामिल पदाधिकारियों ने अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर निकल गई। इस दौरान टीम में शामिल अधिकारियों ने अभ्यर्थी के सभी दस्तावेजों और मोबाइल को भी जब्त कर लिया ।


विदित हो की मामले में पूर्व में भी सीआईडी की टीम ने प्रकरण के कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के बेंगाबाद के हथबोर स्थित ससुराल से उसके ससुर विकास पांडेय को हिरासत में ले चुकी है। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। बाद में बीते मंगलवार को सीआईडी की टीम दुबारा हथबोर गांव पहुंची थी और अभय तिवारी के ससुर विकास पांडेय से लंबी पूछताछ की थी। वहीं दो दिनों बाद सीआईडी की टीम फिर बेंगाबाद पहुंची और अभ्यर्थी समीर कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर चली गई।

