करहरबारी सुरक्षित वन क्षेत्र की जमीन पर अवैध कब्जा के खिलाफ हुई कार्रवाई
जेसीबी मशीन को किया गया जब्त

गिरिडीह। गुप्त सूचना के आधार पर वन प्रमंडल पदाधिकारी गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल ने मुफ्फसिल क्षेत्र के करहरबारी सुरक्षित वन क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की है।
वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि करहरबारी सुरक्षित वन क्षेत्र में जेसीबी मशीन के माध्यम से नींव खोदकर अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। जिसके बाद वन क्षेत्र पदाधिकारी, गिरिडीह वन क्षेत्र द्वारा टीम गठित कर तत्काल मौके पर कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम को देखते ही अतिक्रमण में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया।


मौके पर वन विभाग के वन क्षेत्र पदाधिकारी एस के रवि अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण, निर्माण अथवा वन भूमि को नुकसान पहुंचाने की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ मामले में नियमानुसार संबंधित प्रावधानों के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार, अमर विश्वकर्मा तथा प्रधान वनरक्षी सिकंदर पासवान, अशोक कुमार, संजय कांत यादव एवं सूर्यकांत शामिल थे।

