अवैध बालू के खेल ने फिर ली एक की जान, करेंदो नदी से बालू निकलने के क्रम में ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौत
देर रात तक नहीं लौटा चालक, तब खुला हादसे का राज

गिरिडीह। जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से अवैध बालू उठाव के काले कारोबार की एक और दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। करेंदो नदी से अवैध बालू लादकर निकल रहे एक ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खुखरा थाना क्षेत्र के चतरोडीह निवासी 30 वर्षीय जीतन कोल के रूप में हुई है
जानकारी के अनुसार जीतन कोल शुक्रवार देर शाम करेंदो नदी घाट से ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान घाट से ऊपर चढ़ने के क्रम में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि बालू ओवरलोड होने के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठ गया और चालक संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा। ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


सबसे आश्चर्य की बात ये रही की देर रात तक जब जीतन कोल के घर नहीं लौटा तो परिजनों के खोजे जाने के बाद घटना सामने आई। इस दौरान परिवार वालों द्वारा लगातार मोबाइल पर कॉल किया जा रहा था, काफी देर बाद एक राहगीर ने फोन उठाकर दुर्घटना की सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
