Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

प्रकाश पुंज स्कूल से तीन बाल श्रमिकों का किया गया रेस्क्यू, परिजनों के हवाले किए गए बच्चे स्कूल संचालक के विरुद्ध बाल और किशोर श्रम अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

स्कूल संचालक के विरुद्ध बाल और किशोर श्रम अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई, स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया साजिश के तहत बदनाम करने की कोशीश

0 196

गिरिडीह। सदर प्रखंड के पांडेयडीह में संचालित प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल में सोमवार की सुबह लगभग 6ः30 बजे श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी के नेतृत्व में एक संयुक्त धावा दल के द्वारा छापेमारी की गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में काम कर रहे तीन बच्चों को बाल श्रम से रेस्क्यु किया गया। बच्चों से झाड़ू पोंछा आदि काम कराया जा रहा था। रेस्क्यू के उपरांत सभी बच्चों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति गिरिडीह के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार, तीनों बच्चों को उनके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी सदर राजेश कुमार ने बताया कि बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक बचपन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके। बताया कि प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद स्कूल संचालक के विरुद्ध बाल और किशोर श्रम (प्रतिषेध और विनियमन) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया श्रम विभाग द्वारा शुरू की गई है। श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन एवं किसी भी प्रकार के शोषण के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

sawad sansar

इधर विद्यालय के प्रिंसिपल श्याम सुंदर प्रसाद ने बताया कि कुछ भूमाफियाओं की नजर उनकी जमीन पर है, जिसके कारण एक साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में फिलहाल गर्मी की छुट्टी चल रही है। कहा कि बच्चों की मां रमेश दास की पत्नि स्कूल में सफाई का काम करती है। इस दौरान वहीं महिला काम करने के दौरान बच्चों को ले आती थी। आज भी स्कूल बंद रहने के क्रम में सफाई कर रही थी और अपने बच्चों को भी ले आई थी। कहा कि उन्होंने पूर्व में भी बच्चों को सफाई कार्य के दौरान लाने से मना करते रहे है, लेकिन भूमाफियाओं के बहकावे में आकर आज भी बच्चों को लेकर आ गई थी।

विदित हो कि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संस्था बनवासी विकास आश्रम के द्वारा बाल श्रम उन्मूलन हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके तहत गिरिडीह जिला को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने हेतु कई कदम उठाये जा रहे हैं। इधर टीम में श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला बाल संरक्षण ईकाई से रविंद्र कुमार सिन्हा, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन-सह-बनवासी विकास आश्रम की रूपा कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर रंजीत कुमार साव, नरेश कुमार तथा मुफ्फसिल थाना से पुलिस चौकीदार राजेश कुमार यादव एवं सुभाष कुमार शामिल थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.