पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूमा सिंह का निधन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक
जिला कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह : गिरिडीह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय रविंद्र सिंह की पत्नी एवं जिला महिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष रूमा सिंह का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन की खबर से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
निधन की सूचना मिलने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद मनीर, बिलाल अहमद हुसैनी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश तुरी, धनंजय सिंह, उपेंद्र सिंह, बलराम यादव और शाहनवाज आलम समेत कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे और दिवंगत रूमा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


इस अवसर पर राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य नरेश वर्मा, मनीष वर्मा, संतोष दास, निजामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद निजाम, अशोक विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, देवानंद प्रजापति, परेश नाथ मित्र, मोहम्मद अली खान एवं सुलेमान अख्तर समेत अन्य लोगों ने भी शोक व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि रूमा सिंह ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित कर दिया था। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

