Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

पास के कुएं में मिला तीन दिनों से लापता रंजीत का शव, परिजनों का हुआ रो-रोकर बुरा हाल

मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी बगोदर पुलिस

0 15

गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के औंरा पंचायत के दामा गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता दामा गांव निवासी बलदेव रजक के पुत्र रंजीत रजक का शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में मिला। कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, जवान बेटे की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। नवरात्र के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

तीन दिनों से लापता था रंजीत रजक

sawad sansar

जानकारी के अनुसार, रंजीत रजक पिछले तीन दिनों से लापता थे। उनके अचानक लापता होने के बाद से ही परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। परिवार के सदस्य और ग्रामीण अपने स्तर से संभावित स्थानों पर उनकी खोजबीन कर रहे थे। समय बीतने के साथ ही परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही थी। इसी बीच सोमवार की सुबह गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में तैरते हुए शव पर पड़ी। सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव की पहचान रंजीत रजक के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

विभिन्न पहलूओं से जांच करने में जूटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत के उपमुखिया जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, मामले की जानकारी बगोदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल रंजीत रजक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। शव मिलने की इस घटना के बाद दामा गांव में शोक का माहौल है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.