Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

खनिज संशोधन विधेयक वापस ले केंद्र सरकार, नहीं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन: सुदिव्य कुमार

जन-जागरण अभियान से आर्थिक नाकेबंदी तक की तैयारी, झामुमो ने बनाई आंदोलन की रणनीति

0 11

गिरिडीह। केंद्र सरकार द्वारा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लोकसभा और राज्यसभा से पारित किए जाने के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन का ऐलान किया है। शुक्रवार को उत्सव उपवन में आयोजित झामुमो की जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल्दबाजी में खनिज संशोधन विधेयक पारित कराकर झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने विधेयक को झारखंड और झारखंडियों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि राज्य के विकास और भविष्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड इस कथित सौतेले व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगा।

sawad sansar

सुदिव्य कुमार ने दावा किया कि खनिज संसाधनों से जुड़े राजस्व पर प्रभाव पड़ने की स्थिति में राज्य की सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी कई योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और सर्वजन पेंशन योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि झामुमो इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि आंदोलन के पहले चरण में गांव, पंचायत और प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक घर-घर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा। यदि केंद्र सरकार खनिज संशोधन विधेयक-2026 को वापस नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि आगामी 16 से 18 अगस्त तक प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों के खिलाफ इस विधेयक को लेकर पार्टी आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और जल्द ही चरणबद्ध आंदोलन की विस्तृत घोषणा की जाएगी।

जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक को झारखंड के प्रत्येक नागरिक को समझने और पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि इस कानून से झारखंड के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पु, शाहनवाज अंसारी, बबली मरांडी, बरकत अली, प्रणव वर्मा, दिलीप मंडल, शत्रुघ्न मंडल, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, नगर सचिव सन्नी रैन, मीडिया प्रभारी अभय सिंह समेत झामुमो के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.