हाथियों के झुंड ने घर लौट रहे मजदूर पर किया हमला, मजदूर रामचन्द्र की मौत
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

गिरिडीह। जिले के कई प्रखंडों में इन दिनों हाथियों का आतंक थमने का नही ले रहा है। आए दिन हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर गांव का रूख कर लेता है और गांव में पहुंचकर फसलों को बर्बाद करने के साथ कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचाता है। हालांकि इन सबके बीच रविवार की शाम को बिरनी प्रखंड के कर्ररी गांव में जंगली हाथियों के झूंड ने एक युवक को निशाना बनाते हुए मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ वन विभाग के खिलाफ आक्रोश भी है।
जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि करी निवासी रामचन्द्र यादव सरिया में मजदूरी कर शाम करीब 7 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और हमला करते हुए उन्हें कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। वहीं घटना की मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में कई दिनों से हाथियों की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी, लेकिन हाथियों को सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते हाथियों को जंगल की ओर भगाया जाता तो रामचन्द्र की जान बच सकती थी। फिलहाल विभाग की ओर से तत्काल मृतक के परिजनों को एक लाख बतौर मुआवजा दिया गया है।

