डीसी ने किया बगोदर व डुमरी कोनार प्रमंडल का स्थल निरीक्षण
विकास कार्यों में गति व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गिरिडीह। जनता से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर गंभीर उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को कोनार प्रमंडल बगोदर एवं कोनार प्रमंडल डुमरी क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों की भौतिक स्थिति का जायजा लिया गया तथा कार्य प्रगति में तेजी लाने, तकनीकी मानकों का पालन करने एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।



उपायुक्त श्री यादव ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही तय करते हुए कार्यों को पूर्ण कराया जाए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना अनिवार्य है।
