जिले के विभिन्न अंचलों में हल्कावार विशेष राजस्व शिविरों की हुई शुरुआत
124 पंचायतों में आयोजित होंगे विशेष राजस्व शिविर, आमजनों को मिलेगा घर के निकट समाधान

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न अंचलों में हल्कावार विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य रूप से भूमि एवं राजस्व संबंधी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन तथा आमजनों को सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई गई।
इस संबंध में उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक शिविर की दैनिक प्रगति प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं। कहा कि राजस्व सेवाओं को सुगम एवं प्रभावी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से मुक्ति मिलेगी। शिविरों में भू-लगान, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद, सीमांकन, भूमि विवादों से संबंधित आवेदन एवं अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन किया गया।
जिले के विभिन्न अंचलों के पंचायत भवनों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में संबंधित हल्का कर्मचारी, राजस्व उपनिरीक्षक एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विशेष राजस्व शिविरों के माध्यम से राजस्व सेवाओं को आम जनता के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

