छात्रों-भाजपाइयों के आक्रोश के आगे पुलिस की रणनीति बेअसर
पुलिस की घेराबंदी के बावजूद टॉवर चौक समेत कई जगह जला मुख्यमंत्री का पुतला, छात्रों ने भी सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

गिरिडीह। शुक्रवार को छात्रों द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने से रोकने के बाद शनिवार को मामला और गरमा गया। भाजपा के छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरने के बाद गिरिडीह शहर में टॉवर चौक समेत कई स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। पुलिस-प्रशासन की ओर से पुतला दहन रोकने के लिए की गई तमाम तैयारियां छात्रों और भाजपाइयों के आक्रोश के आगे बेअसर साबित हुईं।
झंडा मैदान में पुलिस ने रोका, छात्रों ने जला दिया पुतला


झंडा मैदान में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए काफी मशक्कत की। कुछ देर के लिए पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने में सफल भी रही। लेकिन इसी दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं और छात्रों का हुजूम झंडा मैदान पहुंच गया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस जब तक स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करती, तब तक भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, रंजीत राय, कुंदन सिंह, पवन कंधवे, कुमार सौरभ, विवेक गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता और आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष अक्षय यादव, महिला अध्यक्ष प्रियंका शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र झंडा मैदान से निकल चुके थे।
एक जगह रोका तो दूसरी जगह पहुंचा छात्रों का हुजूम
प्रदर्शनकारियों को टॉवर चौक की ओर बढ़ने से रोकने के लिए वहां पहले से पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बाद छात्रों और कार्यकर्ताओं का हुजूम जरासंघ चौक पहुंच गया, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस बीच पुलिस ने अंबेडकर चौक से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्रों को डिटेन कर गिरिडीह स्टेडियम पहुंचाया।
स्टेडियम से तीन किलोमीटर पैदल पहुंचे, फिर जला दिया पुतला
हिरासत में लिए जाने के बाद भी प्रदर्शनकारियों का आक्रोश कम नहीं हुआ। युवा कार्यकर्ता पैदल ही करीब तीन किलोमीटर दूर स्टेडियम के समीप मुफ्फसिल थाना पहुंचे और वहां भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर दिया। पुलिस अभी इस स्थिति को संभाल ही रही थी कि भाजयुमो कार्यकर्ताओं का एक अन्य समूह टॉवर चौक पहुंच गया और वहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन करते हुए हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अब एक-एक छात्र के साथ खड़ी है भाजपा
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेताओं ने कहा कि छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। नेताओं ने आरोप लगाया कि ’’सत्ता का गलत इस्तेमाल कर छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की गई। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि अब भाजपा एक-एक छात्र के साथ खड़ी है और इसी का परिणाम है कि शनिवार को पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद शहर में कई स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।

