एसपी के निर्देश पर गिरिडीह पुलिस ने चलाया विशेष समकालीन अभियान, 104 अभियुक्त गिरफ्तार
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में कुल 389 वारंट और 10 कुर्की का किया निष्पादन

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 मई से 20 मई तक चले सघन अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस ने विभिन्न मामलों में संलिप्त 104 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 389 वारंट से संबंधि तमामले और 10 कुर्की से संबंधित मामलों का भी निष्पादन किया है। उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देश पर किया गया है।
बताया जाता है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एक विशेष समकालीन अभियान का संचालन किया गया। 14 मई से 20 मई तक चले इस समकालीन अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस पूर्व से लंबित विभिन्न मामलों में कुल 25 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 79 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिले के विभिन्न थाना अंतर्गत कुल 389 वारंट और 10 कुर्की का सफल निष्पादन किया गया है। साथ ही संपत्ति मूलक अपराध पर रोक लगाने के उद्देश्य से चोरी, लूट, डकैती, गृहभेदन (घर में चोरी) और ठगी जैसे मामलों से जुड़े कुल 275 अपराधियों/अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया, ताकि उनकी वर्तमान गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।


इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने संदेश देते हुए कहा है कि गिरिडीह पुलिस जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
