गिरिडीह पुलिस ने बड़ी पहल करते हुए 211 खोए और चोरी हुए मोबाइल को उनके असली मालिकों तक पहुंचाया
एसपी डॉ. विमल कुमार ने वास्तविक लोगों को मोबाईल किया वापस, लोगों ने जताया गिरिडीह पुलिस का आभार

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने बड़ी पहल करते हुए सोमवार को न्यू पुलिस लाईन में आपका मोबाइल फिर से आपके पास के तहत कार्यक्रम आयोजित करते हुए गुम हुए मोबाइल को उनके वास्तविक मालिक को सौंपने का कार्य किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 211 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा। इस क्रम में मोबाईल मिलने के बाद लाभुकों ने गिरिडीह पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए एसपी और पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि पहचान, सुरक्षा, शिक्षा, बैंकिंग और रोजमर्रा के कई महत्वपूर्ण कार्यों का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल का गुम होना या चोरी हो जाना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता है। कहा कि गिरिडीह पुलिस मोबाइल गुम होने या चोरी की शिकायत मिलने पर आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर मोबाइल का पता लगाती है और उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करती है।
बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान इस बार 211 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें महंगे स्मार्टफोन, एंड्रॉयड मोबाइल और आईफोन भी शामिल हैं। बताया कि इससे पूर्व भी 426 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 637 मोबाइल फोन वास्तविक उपभोक्ताओं को वापस किए जा चुके हैं।

मौके पर उपस्थित सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर बिना देरी किए संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।

