गिरिडीह एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ की क्राइम मीटिंग, दिए कई आवश्यक दिशा निर्देश
लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता, सघन गश्ती एवं अपराधियों पर निगरानी रखने के दिए निर्देश श्रावणी मेला के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

गिरिडीह। गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में क्राइम मीटिंग हुई। बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित कांडों की समीक्षा को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी, गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया।
इस दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को महिला संबंधी अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और दर्ज कांडों की संवेदनशीलता व त्वरित गति से समीक्षा कर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया।



बैठक के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने के साथ आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने न्यायालय से प्राप्त वारंट/कुर्की का ससमय शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने, तथा लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन (Character Verification) के कार्यों को बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही गई।

बैठक में श्रावणी मेला के मद्देनजर कांवरियों के मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन (Crowd Management), सादे लिबास में पुलिस बलों की तैनाती और रूट डायवर्जन को लेकर स्पष्ट कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी आरके राणा, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पंचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत विभिन्न अनुमंडल एवं थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

