सीसीएल जीएम से मिले इंटक पदाधिकारी, मजदूरों और कॉलोनीवासियों की समस्याओं पर मंथन
लंकास्टर अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति और कॉलोनियों में पेयजल संकट का मुद्दा उठा, जीएम ने समाधान का दिया भरोसा

गिरिडीह : राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के पदाधिकारियों की शनिवार को सीसीएल गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक के.एस. गायवाल के साथ परिचयात्मक बैठक हुई। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने मजदूरों के साथ-साथ सीसीएल कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में सीसीएल प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक के.एस. गायवाल के अलावा परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा, स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) शैलेंद्र कुमार, स्टाफ ऑफिसर (माइनिंग) अनिल पासवान, प्रबंधक (कार्मिक) अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


वहीं राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की ओर से अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा (अधिवक्ता), महाप्रबंधक कार्यालय यूनिट के सचिव इकबाल अंसारी, कबरीबाद परियोजना अध्यक्ष राहुल कुमार, सचिव प्रकाश कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, मोहम्मद अख्तर तथा असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार दास समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
लंकास्टर अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग
बैठक में यूनियन ने सीसीएल के लंकास्टर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। यूनियन पदाधिकारियों ने अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा एवं तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति की मांग की।
यूनियन का कहना था कि कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में जरूरी संसाधनों और तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।
कई सीसीएल कॉलोनियों में पेयजल संकट
बैठक के दौरान पपरवाटांड़ स्थित सीसीएल कॉलोनी, बनियाडीह तथा बुढ़ियाखाद के मोती मोहल्ला में व्याप्त पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।
इस पर महाप्रबंधक के.एस. गायवाल ने पेयजल समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बैठक में उठाए गए अन्य मुद्दों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
मजदूर हितों को प्राथमिकता : जीएम
महाप्रबंधक ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्रबंधन की प्राथमिकता है। उन्होंने यूनियन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने की बात कही।
सकारात्मक संवाद जारी रखेगा इंटक : ऋषिकेश मिश्रा
इंटक अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ श्रमिक हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। यूनियन मजदूरों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सीसीएल क्षेत्र में बेहतर औद्योगिक संबंध और कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रबंधन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद जारी रखेगा।

