सड़क सुरक्षा के तहत पपरवाटांड़ टोल प्लाजा के पास चला विशेष जांच अभियान
वाहनों की जांच की गई कागजात, 4 वाहन जब्त, 78 हजार वसूला गया जुर्माना

गिरिडीह। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को पपरवाटांड़ पुराने टोल प्लाजा के समीप विशेष वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर, मोटर वाहन निरीक्षक एवं डीआरएसएम सहित परिवहन विभाग की टीम संयुक्त रूप से शामिल थी। अभियान के क्रम में वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, हेलमेट, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के अनुपालन की सघन जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 04 वाहनों को जब्त कर मुफस्सिल थाना में सुरक्षित रखा गया। साथ ही मोटरसाइकिल एवं टोटो चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।



मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार का विशेष जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।
