रास्ता पूछना पड़ा भारी, पीछा किया और फिर आंखों में मिर्च झोंककर बाइक लूट ली
लेदा पानी टंकी के पास वारदात, बुलेट सवार तीन युवकों पर छिनतई का आरोप; कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे 55 वर्षीय भागीरथ राय

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक छिनतई का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें अपराधियों ने पहले रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार से संपर्क किया और बाद में उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर बाइक लेकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच लेदा पानी टंकी के पास की बताई जा रही है।
पहले बताया रास्ता, फिर करने लगे पीछा


बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय के अनुसार, वह लेदा में आयोजित भजन मंडली के कीर्तन में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। लेदा का रास्ता उनके लिए नया था। कोवाड़ के पास उन्होंने बुलेट पर सवार तीन युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। युवकों ने उन्हें रास्ता बता दिया।
भागीरथ राय के मुताबिक, इसके बाद उन्हें पता नहीं चला कि वही युवक उनका पीछा कर रहे हैं। लेदा पानी टंकी के पास पहुंचते ही बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और अचानक आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
आंखों में जलन से रुकी बाइक, छीनी चाबी
मिर्च पाउडर पड़ते ही आंखों में तेज जलन होने के कारण भागीरथ राय ने बाइक रोक दी। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तीनों में से एक युवक ने बाइक की चाबी छीन ली और उनकी बाइक लेकर तीनों फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, घटनास्थल के आसपास अंधेरा और जंगलनुमा इलाका होने के कारण तत्काल मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था। किसी तरह वह लेदा पहुंचे और स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम करीब 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने भी घटनास्थल की जांच की।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान और छीनी गई बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों और उपलब्ध सुरागों की जांच कर रही है।
रात के समय सुनसान रास्ते पर हुई इस वारदात ने इलाके में बाइक सवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

