Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मधुबन में भाजपा का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” शुरू

भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला वैचारिक संगठन: बाबूलाल मरांडी

0 53

गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के निर्देश पर भाजपा गिरिडीह महानगर द्वारा पारसनाथ की तलहटी स्थित मधुबन के कोरिया भवन में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधिवत् रूप से किया। वहीं कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा महानगर के जिला अध्यक्ष रंजीत राय के द्वारा स्वागत भाषण के साथ की गई।

sawad sansar

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीति, सिद्धांत एवं कार्यशैली को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता विकसित करते हैं। वहीं भाजपा महानगर के जिला अध्यक्ष रंजीत राय ने कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश पदाधिकारियों, प्रशिक्षण टोली के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन की रीढ़ माने जाते हैं।

प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रशिक्षण प्रभारी रमेश सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। प्रदेश प्रशिक्षण टोली के सदस्य के.के. गुप्ता, अभय कांत प्रसाद, आरती सिंह, गणेश मिश्रा एवं शशांक राज ने अलग-अलग विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान पार्टी का इतिहास एवं विकास, भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान, संगठनात्मक संरचना, कार्य पद्धति, विचार परिवार, सामाजिक दायित्व एवं कार्यकर्ता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, दिलीप वर्मा, शालिनी वैश्खियार यदुनंदन पाठक, महादेव दुबे, मुनिया देवी, दिनेश यादव, विनय सिंह, प्रदीप साहू, चुन्नू कांत, संदीप डांगाईच, मुकेश जालान, सुरेश मंडल, संगीता सेठ, अरुण हाज़रा, देवराज, संजीव कुमार, हरबिन्द्र सिंह बग्गा, मनोज सिंह, नवीन सिन्हा, प्रकाश यादव, मनोज पांडेय सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.