दूसरे युवक से बात करने के संदेह पर पति ने अपनी नवविवाहिता पत्नी की गला दबाकर कर दी थी हत्या
नवविवाहिता हत्याकांड का 12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, पति गिरफ्तार

गिरिडीह। पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला से बरामद नवविवाहिता के सड़े-गले शव मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे युवक से बात करने के संदेह पर पति ने अपनी नवविवाहिता पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। सोमवार को मामले को लेकर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 5 जुलाई को हरकटवा नाला से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। इस संबंध में पीरटांड़ थाना कांड संख्या 23/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच के दौरान टीम ने आरोपी मुन्नालाल किस्कू (19 वर्ष), निवासी धावाटांड़ टोला-हरकटवा, थाना पीरटांड़, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के बाद भावनपुर निवासी स्वर्गीय शिवलाल मुर्मू की पुत्री से हुआ था।



बताया कि विवाह के बाद उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक से बातचीत करने का संदेह था। घटना के दिन पत्नी के मोबाइल पर एक युवक का फोन आने के बाद वह गुस्से में आ गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने की नीयत से हरकटवा नाला में ले जाकर उस पर खेत की घास डाल दी और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह स्थान भी चिन्हित किया, जहां हत्या की गई थी। वहीं घटनास्थल के समीप झाड़ियों से मृतका की गुलाबी रंग की एक जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई।
छापेमारी दल में एसडीपीओ डुमरी आबीद खान के अलावे पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र सिंह बिष्ट सहित रिजर्व गार्ड के पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार, अवनीश चन्द्रवंशी और कुश कुमार द्विवेदी शामिल थे।

