दिवंगत मंत्री के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, दिल्ली हिंसा को लेकर RSS-BJP पर साधा निशाना
गिरिडीह में श्वेता शर्मा और उनकी बेटी से की मुलाकात, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी की तीखी टिप्पणी

गिरिडीह। राज्य के दिवंगत मंत्री सुदविया कुमार सोनू के निधन के करीब एक माह बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गिरिडीह पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री की पत्नी श्वेता शर्मा और बेटी सृष्टि से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने मंत्री के बेटे हर्ष को गोद में लेकर दुलार किया और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने दिल्ली में सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस कार्यकर्ताओं ने बेटियों के साथ मारपीट की। सांसद ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।


चुनाव आयुक्त पर भी साधा निशाना
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी पप्पू यादव ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने उन्हें तानाशाह बताते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सांसद ने कुछ आपत्तिजनक और विवादित बयान भी दिए। वहीं, दिल्ली में पुलिस बल की तैनाती को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।
बोले- मोदी सरकार से सवाल कर रहा देश का युवा
पप्पू यादव ने कहा कि मोदी सरकार के जाने का समय आ गया है और देश का युवा अब सरकार से सवाल कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर भी निशाना साधा।
दिवंगत मंत्री की पत्नी श्वेता शर्मा को अपनी बेटी बताते हुए सांसद ने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वह उनके चुनाव प्रचार के लिए गिरिडीह आएंगे। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ खड़े रहने की बात भी कही।
मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह, शाहनवाज अंसारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

