जमुआ थाना क्षेत्र में नही थम रही है चोरी की घटना, चित्तरडीह में चोरों ने बनाया एक ही घर के तीन परिवार को निशाना
देर रात तीन कमरे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को दिया अंजाम

गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के चित्तरडीह गांव में बीती रात चोरों ने एक ही घर के तीन कमरों का ताला तोड़कर नगदी, जेवर, बर्तन, साड़ी समेत करीब दो लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जाता है कि चित्तरडीह गांव के रहने वाले ननकी देवी, कंचन देवी और सुलेखा देवी के घर में देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के वक्त परिवार के कुछ सदस्य रिश्तेदार के यहां गए हुए थे, जबकि दो परिवार बगल के घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने तीनों घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए घर में रखे चांदी के जेवर, कुछ सोने के आभूषण, नगदी, बर्तन, साड़ी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार, मजदूरी कर वर्षों की मेहनत से जमा किए गए सामान को बच्चों की शादी-विवाह के लिए संभालकर रखा गया था, जिसे चोर ले गए।


घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बार चोरी होने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा किसी की गिरफ्तारी या मामले का उद्भेदन नही किया गया है। ग्रामीणों की माने तो क्षेत्र में जुआरियों का जमावड़ा बढ़ने के साथ ही चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

