एशियन गेम्स 2026 फुटबॉल प्रतियोगिता से भारतीय टीम बाहर, चयन मानदंड बने वजह
भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित चयन मानदंडों के कारण हुई टीम

नव बिहान डेस्क : एक तरफ पूरी दुनिया सहित भारत में भी फ़ीफा वर्ल्ड कप फुटबॉल का खुमार चढ़ा हुआ है वहीं दूसरी ओर भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए बुरी ख़बर आई है। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने 2026 Asian Games की फुटबॉल प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया है। जानकारी के अनुसार, टीम का बाहर होना मुख्य रूप से भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित चयन मानदंडों के कारण हुआ है।
केंद्र सरकार की नीति के तहत केवल उन्हीं टीमों और खिलाड़ियों को बहु-खेल आयोजनों में भाग लेने की अनुमति दी जाती है, जिनके पदक जीतने अथवा प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने की संभावना होती है। मौजूदा एशियाई रैंकिंग और प्रदर्शन के आधार पर भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम इस मानदंड पर खरी नहीं उतर सकी।


बताया जा रहा है कि कुछ अन्य देशों के हटने के बाद भारत के लिए प्रतियोगिता में जगह बनने की संभावना बनी थी, लेकिन अंततः भारतीय टीम को एंट्री नहीं मिल सकी और उसका स्थान दूसरे देश को आवंटित कर दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 2022 Asian Games में भारतीय फुटबॉल टीम की भागीदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी थी। हालांकि उस समय विशेष अनुमति के बाद टीम को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिला था।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर देश में फुटबॉल के स्तर, अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में प्रदर्शन और खिलाड़ियों के लिए बेहतर तैयारी तथा दीर्घकालिक रणनीति की आवश्यकता पर बहस को तेज कर दिया है। वहीं, All India Football Federation की ओर से भविष्य की प्रतियोगिताओं और क्वालिफायर पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही जा रही है।

