पेयजल समस्या को देखते हुए पार्षद संजीव कुमार ने उप नगर आयुक्त से की मुलाकात
कहा भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल समस्या को दुरूस्त करे निगम प्रशासन

गिरिडीह। भीषण गर्मी के बीच नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में व्याप्त पेयजल समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने अपने वार्ड के प्रतिनिधि मंडल के साथ नगर निगम के उप नगर आयुक्त से मुलाकात की और क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पार्षद संजीव कुमार ने कृष्णानगर, लखारी, शिवपुरी, आनंदनगर, बोड़ो, शशांक बेड़ा, श्रीराम नगर एवं बाजार समिति सहित विभिन्न मोहल्लों में भीषण गर्मी के बीच उत्पन्न जल संकट की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के इस समय में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता का अभाव अत्यंत चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थानीय नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। कहा कि संबंधित कर्मियों द्वारा यह बताया जा रहा है कि पानी का स्रोत समाप्त हो गया है और एक दिन छोड़कर एक दिन आपूर्ति की जाएगी, जो वर्तमान परिस्थितियों में बिल्कुल अपर्याप्त है।



इस दौरान उप नगर आयुक्त प्रंशात कुमार लायक ने पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारू किया जाएगा तथा आवश्यक वैकल्पिक उपाय भी किए जाएंगे।
मौके पर वार्ड के प्रतिनिधि मिथुन चंद्रवंशी, अजय बरनवाल, संजय गुप्ता, राजीव सिंह, किशुन गिरी, राहुल पांडेय सहित कई स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।
