पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि जीवन संरक्षण का संकल्प: डीसी
विश्व पर्यावरण दिवस पर डीसी, एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने किया समाहरणालय परिसर में पौधारोपण

गिरिडीह। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में जिले के वरीय पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, वैभव कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी, संतोष कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी, जयप्रकाश मेहरा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, तेज कुमार हांसदा, जिला नजारत उप समाहर्ता, आशुतोष ठाकुर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नीतू कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अंजना भारती सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने पौधारोपण किया।



इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सतत जिम्मेदारी है। वृक्ष जीवन, जल और पर्यावरण संतुलन के आधार हैं। प्रकृति हमारी सबसे अनमोल धरोहर है। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली से भरा वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। एक छोटा सा प्रयास धरती को हरा-भरा बनाने में बड़ा योगदान दे सकता है। पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि जीवन संरक्षण का भी संकल्प है। उन्होंने आमजनों से अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
