Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

प्रसाद बनाते वक़्त हुआ मनगसो गांव में हुआ सिलेंडर ब्लास्ट, पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत, अस्पताल ले जाने के क्रम में चाची ने तोड़ा दम

दुर्गापूजा की खुशियां मातम में बदलीं

0 4

गिरिडीह। जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के मनगसो गांव में रविवार शाम करीब छह बजे पांच किलो के गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। दुर्गापूजा की तैयारी में जुटे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

प्रसाद बनाते समय लगी आग, अचानक हुआ विस्फोट

sawad sansar

जानकारी के अनुसार, कविता देवी दुर्गापूजा को लेकर घर में प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में आग लगने के बाद घर के आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए। इसी बीच अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भयावह था कि कविता देवी और शीतल कुमारी उसकी चपेट में आ गईं। बताया जाता है कि विस्फोट के दौरान सिलेंडर दरवाजे की किवाड़ से टकराया, जिससे दोनों गंभीर रूप से प्रभावित हुईं।

मासूम ने मौके पर तोड़ा दम, रास्ते में चाची की मौत

इस दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

विस्फोट की आवाज से दहल उठा पूरा गांव

घटना की प्रत्यक्षदर्शी कविता देवी के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे गांव में सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घबरा गए और घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। त्योहार की तैयारी में जुटे परिवार और ग्रामीणों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

कविता देवी अपने पीछे पति वैद्यनाथ विश्वकर्मा और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। मां और मासूम बच्ची की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दुर्गापूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस , पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार

घटना की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बताया गया कि परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

दुर्गापूजा से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने मनगसो गांव को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस त्रासदी से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.