Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गिरिडीह में भी भव्य रूप से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा शहर

श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान का रथ, पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का हुआ आयोजन

0 35

गिरिडीह। भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर गुरुवार को गिरिडीह में भक्तों के बीच खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान शहर के आईसीआर रोड स्थित पुरातन शिवालय से भव्य रूप से रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा निकालने से पूर्व भक्तों ने पहले भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

sawad sansar

पूजा-अर्चना और भंडारे के बाद भगवान श्री जगन्नाथ का सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के बीच रवाना हुआ। इस दौरान जय श्री जगन्नाथ के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचते हुए पूरे शहर का भ्रमण किया। जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और मंदिर परिसर से लेकर रथ मार्ग तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। रथ यात्रा पुरातन शिवालय से निकलकर तिरंगा चौक, बड़ा चौक, नगर थाना, गद्दी मोहल्ला, कालीबाड़ी, टॉवर चौक, मकतपुर, शिव मोहल्ला और गांधी चौक होते हुए मौसी बड़ी छोटकी काली मंडा पहुंची। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई थी।

मौके पर मंदिर के पुजारी सतीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा पूरे धार्मिक रीति-रिवाज एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निकाली गई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने रथ यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया। कहा कि अब भगवान अपने मौसी बाड़ी छोटकी काली मंडा में रहेंगे।

इधर रथ यात्रा के दौरान जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। वहीं जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.