Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, डीसी-एसपी ने किया पंडालों का निरीक्षण

जमुआ, धनवार, सरिया, बगोदर और डुमरी में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा; सीसीटीवी निगरानी, पुलिस गश्ती और आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त रखने का निर्देश

0 1

गिरिडीह : दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। शनिवार को उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जमुआ, धनवार, सरिया, बगोदर, डुमरी समेत विभिन्न प्रखंडों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पूजा पंडालों में पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और पूजा समितियों के साथ समन्वयl स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा।

sawad sansar

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, नियमित पुलिस गश्ती और पुलिस पिकेट की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

यातायात और आपातकालीन सेवाओं पर जोर

पूजा के दौरान संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए अधिकारियों ने जाम से बचाव तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव करने और अग्निशमन, चिकित्सा सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।

शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने, अपनी जिम्मेदारियों का तत्परता से निर्वहन करने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

उन्होंने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने का आग्रह भी किया।

निरीक्षण के दौरान खोरीमहुआ और बगोदर-सरिया के अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.