सरिया के बाल्हेडीह जंगल में संचालित अवैध पत्थर खदान में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
खनन कार्य में लगे करोड़ों की मशीनें जब्त करने के साथ ही छः को किया गिरफ्तार, सिंडिकेट के अन्य लोगों के खिलाफ जांच जारी

गिरिडीह। अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया प्रखंड के बाल्हेडीह जंगल में संचालित अवैध पत्थर खदान में मेगा ऑपरेशन चलाकर करोड़ों रुपये मूल्य की मशीनें और उपकरण जब्त कर लिया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इस दौरान छह लोगों को हिरासत में भी लिया है। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान कई लोगों भागने मे ंसफल रहे।



जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि बाल्हेडीह जंगल में लंबे समय से अवैध पत्थर उत्खनन किया जा रहा था। अवैध खनन के खिलाफ मिल रहे गुप्त सूचना के आधार पर एसडीओ संतोष गुप्ता के नेतृत्व में एसडीपीओ धनंजय राम, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा बलों के साथ जंगल के भीतर स्थित अवैध खदान पहुंचे और चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। इस दौरान खनन कार्य को तत्काल बंद कराने के साथ ही खनन कार्य में लगे कई मशीनों को जप्त कर लिया।

छापेमारी अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के क्रम में ताजुद्दीन अंसारी, नरेश पासवान और सुरेश नायक के नाम अवैध खदान संचालन में सामने आया है। फिलहाल पुलिस संबंधित विभाग के अधिकारी अवैध खनन से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जूटे हुए है। अवैध खनन से जुड़े सिंडिकेट के अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

