Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

बेंगाबाद में अवैध शराब की भट्ठियों पर छापेमारी, 400 लीटर महुआ शराब जब्त

सोनबाद और महुवार में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 4500 किलो जावा महुआ नष्ट; अवैध कारोबारियों की पहचान में जुटी टीम

0 16

गिरिडीह। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद और महुवार में अवैध महुआ चुलाई शराब बनाने के ठिकानों पर सघन छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 400 लीटर तैयार अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 4500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश और अधीक्षक उत्पाद के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर संचालित भट्ठियों और शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, जावा महुआ को घरों, खेतों तथा बर्तनों, ड्रमों और डिब्बों में छिपाकर रखा गया था। कुछ स्थानों पर इसे जमीन में गाड़कर भी संग्रहित किया गया था।

sawad sansar

अवैध कारोबारियों की पहचान में जुटा विभाग

कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार और महेश कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, बेंगाबाद थाना के जगन्नाथ पान सहित पुलिस बल और गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान शामिल थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.