पचंबा में इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास, अब नहीं होगा पलायन,गिरिडीह बनेगा एजुकेशन हब

गिरिडीह: जिले के उपनगरी पचंबा के जरिडीह में गुरुवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से बहुप्रतीक्षित इंजीनियरिंग कॉलेज का विधिवत शिलान्यास किया गया। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉलेज लगभग 35 एकड़ भूमि में स्थापित होगा। इस परियोजना के शुरू होते ही जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने संबोधन में कहा कि इस कॉलेज के निर्माण से अब गिरिडीह के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए अन्य राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। यह संस्थान जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बड़े कदम उठा रही है।
वहीं विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने “गुरुजी क्रेडिट कार्ड” योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक दबाव के अपनी पढ़ाई पूरी कर पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को विदेश में पढ़ाई का अवसर भी दे रही है, जिसका पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है।
विधायक ने कहा कि पचंबा में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा मिलने से युवाओं का भविष्य मजबूत होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पचंबा “एजुकेशन हब” के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
