Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

दुर्गापूजा को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक

नवरात्र के दौरान विधि व्यवस्था, यातायात प्रबंधन व व्यवस्थित तरीके से प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुई चर्चा

0 16

गिरिडीह। गिरिडीह में दुर्गापूजा को लेकर एक ओर जहां विभिन्न पूजा समितियों के द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। वहीं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह प्रशासन भी सक्रिय हो गई है। सोमवार को अनुमंडल सभागार में सदर एसडीएम धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें डीएसपी नीरज सिंह, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, ट्रैफिक इंस्पेक्टर डुगन टोपनो, अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खां समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के अलावे शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।

बैठक में पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी, यातायात प्रबंधन तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यक पुलिस व्यवस्था सहित अन्य विधि व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। पूजा पंडालों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।

sawad sansar

मौके पर एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने पूजा समितियों और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में बिना पुष्टि के सूचना पर विश्वास न करें और इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और पूजा समितियों से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की। कहा कि पर्व के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तुरंत सूचना दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या अफवाह वाली सूचनाओं से भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

वहीं सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों से लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ आवश्यक स्थानों पर पुलिस की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.