Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह – बाल संस्कारशाला शिविर का दीप महायज्ञ के साथ समापन

522

गिरिडीह : अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह महिला मंडल द्वारा स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ में 6 जून से 10 जून 2025 तक आयोजित पांच दिवसीय बाल संस्कारशाला शिविर का समापन आज दीप महायज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इस शिविर में प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक लगभग 100 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महिला मंडल की बहनों द्वारा संचालित इस शिविर में बच्चों को जीवन से संबंधित महत्वपूर्ण शिक्षाओं के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों की जानकारी व्याख्यानों के माध्यम से दी गई। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विषयों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया गया।

sawad sansar

शिविर की संचालिका सुमन कुमारी ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह में प्रत्येक रविवार सुबह 10 से 12 बजे तक निःशुल्क बाल संस्कारशाला का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाना है, ताकि वे एक आदर्श नागरिक के रूप में समाज में योगदान दे सकें।

समापन समारोह में गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख कामेश्वर सिंह ने कहा, “आज शिक्षा का व्यवसायीकरण हो गया है और इसका उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना रह गया है। हमारा कर्तव्य है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान करें, ताकि वे गलत रास्ते पर न भटकें। संस्कारों की कमी के कारण आज बच्चे अपने अभिभावकों की अवहेलना करने लगे हैं। समय रहते हमें अपनी पारिवारिक व्यवस्था को बचाने के लिए प्रयास करना होगा।”

कार्यक्रम के अंत में दीप महायज्ञ में गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के साथ आहुतियां दी गईं, जिसमें सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की प्रार्थना की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में कामेश्वर सिंह, बासुकीनाथ राय, भागीरथ प्रसाद सिंह, नरेश यादव, अशोक कुमार, हरेंद्र प्रसाद चौधरी, दयानंद प्रसाद, सहदेव प्रसाद कुशवाहा, उर्मिला बरनवाल, पूनम बरनवाल, सुमन कुमारी, वीणा गुप्ता, मधु चौरसिया, पुष्पा शक्ति, पूनम राम, उमा गुप्ता सहित गायत्री परिवार के सभी भाइयों और बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ITI

Comments are closed.