गिरिडीह में गणेश महोत्सव की धूम, दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़
कहीं भव्य पंडाल तो कहीं आकर्षक गणेश प्रतिमा बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र केंद्रीय पूजा समिति मना रही 25वीं वर्षगांठ, हुट्टी बाजार में केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल खींच रहा ध्यान

गिरिडीह : गणेश चतुर्थी के अवसर पर गिरिडीह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है। महाराष्ट्र की तर्ज पर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई है। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शाम होते ही पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ और बढ़ जा रही है। शहर के कई इलाकों में आकर्षक सजावट और भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
25वीं वर्षगांठ मना रही केंद्रीय पूजा समिति


गिरिडीह शहर में पिछले 25 वर्षों से गणेश महोत्सव का आयोजन कर रही श्रीश्री गणेश महोत्सव केंद्रीय पूजा समिति इस वर्ष अपनी रजत जयंती वर्ष मना रही है। समिति की ओर से टावर चौक स्थित शिव महावीर मंदिर परिसर में भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। यहां भगवान गणेश की करीब 10 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
विधि-विधान से हुआ गणपति का आह्वान

शिव महावीर मंदिर परिसर में स्थापित गणेश प्रतिमा की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। घंटों चले पूजन कार्यक्रम के बाद भव्य आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शाम की संध्या आरती के दौरान भी पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल बना आकर्षण

इधर, शहर के हुट्टी बाजार में स्थानीय नवयुवक संघ की ओर से केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर आकर्षक एवं भव्य पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। पंडाल की भव्यता लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। यहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
शहर के कई इलाकों में सजे गणेश पूजा पंडाल
गिरिडीह के बोड़ो, पचंबा, बक्सीडीह रोड, आजाद नगर, बीबीसी रोड, आईसीआर रोड, धोबिया गली, बरगंडा समेत कई इलाकों में गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा पंडालों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। कई स्थानों पर रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पूजा समितियों के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे
श्रीश्री गणेश महोत्सव केंद्रीय पूजा समिति के संस्थापक नित्यानंद प्रसाद, संरक्षक डॉ. तारकनाथ देव, अध्यक्ष अजीत भदानी, उपाध्यक्ष नागेंद्र चंद्रवंशी, संदीप कुमार सिन्हा, शिवपूजन कुमार, सचिव विकास गुप्ता, सहसचिव अनिल चंद्रवंशी एवं संजय सिंह, कोषाध्यक्ष रिंकेश कुमार, सहकोषाध्यक्ष आशुतोष तिवारी समेत कार्यकारिणी समिति के चंदन सिन्हा, मनोज कुमार पिंटू, अमितेश गौरव, ज्योतिश शर्मा, स्मृत चक्रवर्ती, राजेश गुप्ता सहित अन्य सदस्य महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हैं।
नवयुवक संघ के सदस्य संभाल रहे आयोजन की जिम्मेदारी
हुट्टी बाजार में आयोजित गणेश महोत्सव को सफल बनाने में स्थानीय नवयुवक संघ के निशांत गुप्ता, अमित गुप्ता, विशाल गुप्ता, विक्की साहा, राजेश साव और सोनू साव समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं।
गणेश महोत्सव को लेकर शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। गणपति बप्पा के जयकारों से पूजा पंडाल और आसपास का क्षेत्र गूंज रहा है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न पूजा पंडालों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।

