बरवाअड्डा थाना प्रकरण में जयराम महतो को बड़ी राहत
MP-MLA कोर्ट से डुमरी विधायक समेत चार को मिली अग्रिम जमानत

धनबाद : बरवाअड्डा थाना प्रभारी प्रकरण में डुमरी विधायक जयराम महतो को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को धनबाद एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने जयराम महतो समेत सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को अग्रिम जमानत दे दी।
बरवाअड्डा थाना कांड से जुड़ा है मामला


मामला बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 से संबंधित है। पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी में थाना परिसर में विवाद, पुलिस के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई आरोप लगाए गए थे। मामले में विधायक जयराम महतो समेत अन्य को आरोपी बनाया गया था।
पहले भी हुई थी अदालत में सुनवाई
अग्रिम जमानत को लेकर अदालत में दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पेश की गई थीं। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था। सोमवार को अदालत ने अपना आदेश सुनाते हुए चारों आरोपियों को अग्रिम जमानत प्रदान कर दी।
गिरफ्तारी से राहत, मामला रहेगा जारी
अग्रिम जमानत मिलने के बाद जयराम महतो समेत चारों आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तारी से राहत मिल गई है। हालांकि, अग्रिम जमानत का मतलब आरोपों से बरी होना नहीं है और मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे जारी रहेगी।

