बच्चों के प्रदर्शन के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग, स्कूल पहुंची जांच टीम
मध्यान भोजन के चावल का किया भौतिक सत्यापन, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से भी ली जानकारी

गिरिडीह/गांडेय : उत्क्रमित मध्य विद्यालय रताबहियार में मध्यान भोजन को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद आखिरकार शिक्षा विभाग हरकत में आया। सोमवार को प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की टीम विद्यालय पहुंची और मध्यान भोजन व्यवस्था के साथ-साथ स्कूल की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्थिति की जांच की।
दरअसल, पिछले दिनों मध्यान भोजन बंद रहने से नाराज स्कूली बच्चों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था। इसके बाद ग्रामीणों और बच्चों की ओर से विद्यालय के सचिव पर मध्यान भोजन के लिए उपलब्ध चावल व राशि के अलावा विकास मद की राशि में कथित अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। शिकायत सामने आने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू की।



जांच टीम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के.डी. राय, अकाउंटेंट संजय यादव और बीआरपी प्रवीण कुमार शामिल थे। टीम ने विद्यालय पहुंचते ही मध्यान भोजन के लिए उपलब्ध चावल के स्टॉक और भंडारण का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों ने स्कूल की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अलग-अलग जानकारी ली। ग्रामीणों ने विद्यालय में मध्यान भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यालय की मौजूदा स्थिति से जांच टीम को अवगत कराया।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और विद्यालय के उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

