जेपीएससी व जेएसएससी की परीक्षाओं में रही गड़बड़ियों के खिलाफ भाजयुमो ने किया प्रदर्शन
राज्यपाल के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों के खिलाफ जांच की की मांग

गिरिडीह। जेपीएससी व जेएसएससी की परीक्षाओं में लगातार बरती जा रही भारी अनियमितताओं के विरोध में रांची में जारी छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा ने आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। जिसमें काफी संख्या में भाजपाईओं के अलावे छात्र शामिल हुए और पपरवाटांड़ से पद यात्रा करते हुए समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, युवाओं के भविष्य की रक्षा करने तथा कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त रामनिवास यादव से मिलकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।



प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेता दिनेश यादव, सुनील पासवान, मनोज साहू, संदिप डंगायच, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री संजीव सिंह, सुरेश मंडल सहित अन्य नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही गड़बड़ियों के कारण झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। युवाओं का सरकार और भर्ती प्रक्रिया से विश्वास उठता जा रहा है, नौकरी के नाम पर झारखंड सरकार सिर्फ युवाओं को छलने का काम कर रही है। कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को ओर तेज किया जाएगा।

