GDCA के संयुक्त सचिव दुलाल चौधरी का निधन, गिरिडीह क्रिकेट जगत में शोक

गिरिडीह :गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ (GDCA) के संयुक्त सचिव एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के लाइफ मेंबर दुलाल चौधरी का निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और कोलकाता में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
गिरिडीह में स्नेहपूर्वक “दुलाल दा” के नाम से पहचाने जाने वाले दुलाल चौधरी लंबे समय से जिले में क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत थे। एक कुशल खेल प्रशासक के रूप में उन्होंने जिला क्रिकेट को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहज, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण वे खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और क्रिकेट पदाधिकारियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।


दुलाल चौधरी झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के लाइफ मेंबर भी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही गिरिडीह के खेल एवं क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई। GDCA के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे जिले के क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि दुलाल चौधरी का खेल के प्रति समर्पण, संगठन क्षमता और खिलाड़ियों के प्रति उनका स्नेह हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से गिरिडीह क्रिकेट जगत ने एक समर्पित मार्गदर्शक और कुशल खेल प्रशासक को खो दिया है।

