महाशिवरात्रि को लेकर शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, शाम को निकलेगी शिव बारात

गिरिडीह। महाशिवरात्रि को लेकर रविवार सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। इस मौके पर जिले के प्रसिद्ध झारखंडीधाम, दुखहरणनाथ धाम, नर्मदाधाम, हरिहर धाम और बाबा भिखारी नाथ मंदिर सहित स्थानीय शिवालयों में श्रद्धालु श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने में जुटे रहे। सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर भक्त भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आए।
माघ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जाता है। रविवार की सुबह से जहां शिव भक्त पूजा अर्चना में जुटे थे, वहीं शाम को बाबा भिखारी नाथ मंदिर और विभिन्न शिवालयों से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। जबकि देर रात को सभी शिवालयों में भगवान शिव और माता पार्वती का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
