महेशलुंडी में धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्मोत्सव
कलाकारों ने झांकी व भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति के रस से किया सराबोर

गिरिडीह। भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर मनाया जाने वाले पर्व श्री कृष्ण जन्माष्टमी गिरिडीह में पूरे उत्साह व श्रद्धाभाव से मनाया गया। इस मौके पर जहां विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की गई। वहीं शांति भवन, नर्मदा मंदिर, बरमसिया, मकतपुर पंचमंदिर सहित कई मंदिरों में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन किए गए। इसी क्रम में सदर प्रखंड के महेशलुंडी के महुआटांड स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर प्रांगण में श्री कृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत हर्षाेल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई जीवंत झांकियां रहीं। कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण-राधा और भगवान शंकर-पार्वती का स्वरूप धारण कर अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं, स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति जागरण प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।


कर्यक्रम में जहां बतौर मुख्य अतिथि के रूप में महेशलुंडी के मुखिया शिवनाथ साव उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम में मुख्य रूप से अकदोनी कला के मुखिया मनोज पासी, जगदीश दास, कुलदीप विश्वकर्मा, देवानंद पंडित, पवन विश्वकर्मा, अरुण कोल, बासुदेव साव, किशोर यादव, रमेश कंधवे, राहुल साव, संजय ठाकुर, अनिल ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

