पुण्यतिथि पर याद किए गए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, डीसी व एसपी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और बलिदान को किया नमन

गिरिडीह। समाहरणालय के सभागार में मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि मनाई गई। मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यालय प्रधानों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।



मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और जन अधिकारों के प्रतीक थे। उन्होंने आदिवासी समाज सहित वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

वहीं पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को एक नई दिशा प्रदान करता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
