Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

छात्र आंदोलन पर सियासत गरम, सुरेश साहू ने सुदिव्य कुमार पर बोला हमला

बोले- मंत्री के इशारे पर हुई छात्रों पर बर्बरता, खुद को बचाने के लिए आंदोलन कुचलने का प्रयास

0 14

गिरिडीह : झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर अब सियासी टकराव तेज हो गया है। विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद भाजपा ने सरकार पर हमला और तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साहू ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की।

सुरेश साहू ने आरोप लगाया कि मंत्री के नेतृत्व और इशारे पर रांची पुलिस ने सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों पर बर्बर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा घेराव के लिए जा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया तथा आंदोलनकारी छात्रों के पंडाल की बिजली तक काट दी गई।

sawad sansar

भाजपा नेता ने कहा कि छात्रों और सरकार के बीच वार्ता के लिए बनी कमेटी में मंत्री सुदिव्य कुमार को शामिल किए जाने से लोगों को उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए आंदोलन का समाधान निकलेगा। लेकिन, उनके आरोप के मुताबिक, मंत्री की भूमिका छात्रों की मांगों का समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को कुचलने की रही।

मंत्री के इशारे पर हुई छात्रों पर बर्बरता, खुद को बचाने के लिए आंदोलन कुचलने का प्रयास
मंत्री के इशारे पर हुई छात्रों पर बर्बरता, खुद को बचाने के लिए आंदोलन कुचलने का प्रयास

सुरेश साहू ने झामुमो नेताओं के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें भाजपा पर छात्र आंदोलन को हाईजैक करने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकार और भविष्य को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, उस समय उन पर पुलिसिया कार्रवाई की गई। इससे स्पष्ट है कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और छात्रों के बीच खाई पैदा करने में मंत्री सुदिव्य कुमार की भूमिका रही है। श्री साहू ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद छात्र आंदोलन अब केवल भर्ती परीक्षाओं और छात्रों की मांगों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सरकार और विपक्ष के बीच सीधी राजनीतिक लड़ाई का मुद्दा भी बनता जा रहा है। एक ओर सरकार भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रूप से हाईजैक करने का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा सरकार पर आंदोलन को कुचलने का आरोप लगा रही है।

प्रेसवार्ता में भाजपा नेता अरविंद बरनवाल, अनूप सिन्हा, जयशंकर सिन्हा शिंकु, राजेश जायसवाल, साइबल घोष समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.